Ramadan 2025: सेहरी में करें इन चीजों का सेवन, दिनभर भूख और प्यास नहीं लगेगी

Ramadan 2025: रमजान के महीने को बरकतों और इबादतों का महीना माना जाता है। इस पवित्र महीने की शुरुआत 2 मार्च 2025 को पहले रोजे के साथ हो चुकी है। जो लोग रोजा रखते हैं उन्हें रोजेदार कहा जाता है। इस दौरान हर रोजेदार को सूरज निकलने से पहले सेहरी खानी होती है।

उसके बाद वह सुबह से लेकर शाम तक बिना कुछ खाए पीए अल्लाह की इबादत करते है। लेकिन कई बार रोज़े के दौरान कई घंटे बिना पानी और खाने के रहना बड़ा मुश्किल हो जाता है। इस वजह से शरीर में कमजोरी महसूस होने लगती है।

ऐसे में जरूरी है कि सेहरी में कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन किया जाए,जिससे आप दिनभर हाइड्रेटेड और ऊर्जावान बने रहें । आइए जानते हैं कि सेहरी में किन चीजों का सेवन करने से आपको दिनभर भूख और प्यास नहीं लगेगी।

Ramadan 2025: रमजान में पिएं नींबू पानी:

रोजे के समय बिना पानी के लंबे समय तक रहने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। इसलिए सेहरी में कम से कम 2-3 गिलास पानी पिएं ताकि दिनभर शरीर में पानी की कमी न हो। शरीर को ज्यादा हाइड्रेशन देने के लिए पानी की जगह नींबू पानी भी लिया जा सकता है। इसके लिए एक गिलास पानी में नींबू के साथ एक चुटकी पिंक सॉल्ट मिलाकर पिएं। इसके अलावा नारियल पानी एवं फलों का जूस भी शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए अच्छा रहता है।

खजूर का सेवन करें:

सेहरी और इफ्तार दोनों में ही खजूर का सेवन फायदेमंद होता है। यह एक प्राकृतिक शुगर हैं जिसमें भरपूर मात्रा मे फाइबर होता है। इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और दिनभर पेट भरा रहता है। खजूर खाने से शरीर में कमजोरी महसूस नहीं होती है । साथ ही यह डिहाइड्रेशन से भी बचाव करता है।

दही और छाछ पिएं:

रमजान में अपने शरीर को ठंडा रखने के लिए आप दही और छाछ का सेवन भी कर सकते हैं। साथ ही इनसे शरीर में पानी की कमी नहीं होती है। इससे प्यास कम लगती है और पेट भी दिनभर हल्का रहता है। आप सेहरी में मीठी लस्सी या दही के साथ खजूर भी खा सकते हैं, जिससे शरीर को डबल एनर्जी मिलेगी।

रमजान में प्रोटीन युक्त आहार लें:

सेहरी में आप प्रोटीन डाइट का सेवन करने से लंबे समय तक भूख नहीं लगती है। अंडा प्रोटीन से भरपूर होता है। आप उबले अंडे, ऑमलेट या भुर्जी का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा सोया चंक्स,पनीर,दाल, बीन्स आदि का सेवन भी फायदेमंद रहेगा।

फाइबर युक्त खाना:

ओट्स और दलिया फाइबर से भरपूर होते हैं, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती। यह धीरे-धीरे पचते हैं, जिससे शरीर को दिनभर ऊर्जा मिलती रहती है। हरी सब्जियों में भी फाइबर और पानी की मात्रा अधिक होती है जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। जिससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती। पालक, लौकी, तोरई और भिंडी जैसी सब्जियां ज्यादा फायदेमंद होती हैं।

रमजान में हेल्दी फैट्स खाएं:

सेहरी के दौरान सफेद ब्रेड और मैदा से बनी चीजों का सेवन करने से बचें क्योंकि ये जल्दी पच जाती हैं और भूख जल्दी लग सकती है। इसके बजाय हेल्दी फैट्स का सेवन करे क्योंकि इनका पाचन धीमा होता है। जिसके कारण आप लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस करते हैं।

इसके लिए आप होल व्हीट ब्रेड, मल्टीग्रेन रोटी या बाजरे की रोटी खा सकते है। यह लंबे समय तक पेट भरा रखती हैं। कार्बोहाइड्रेट से भरपूर खाना धीरे-धीरे पचते हैं, जिससे शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा मिलती है। शकरकंद और आलू जैसे कार्बोहाइड्रेट युक्त खाने को उबालकर या सब्जी बनाकर खाएं।

चाय और कैफीन से बचें:

सेहरी में चाय या कॉफी पीने से डिहाइड्रेशन हो सकता है, जिससे दिनभर प्यास ज्यादा लगती है। इसकी जगह ग्रीन टी या हर्बल टी का सेवन करें, जो शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सूचना के उद्देश्यों के लिए है और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। इस लेख में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले किसी भी चिकित्सा निर्णय में सावधानी बरतें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या स्थिति के लिए, कृपया अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इस लेख के आधार पर उत्पन्न हो सकने वाली किसी भी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए viralnewsvibes.com जिम्मेदार नहीं है।