Seasonal Flu: क्या मौसम बदलने से हो गया है सर्दी- जुकाम? इन घरेलू उपायों से तुरंत हो जाएंगे स्वस्थ

Seasonal Flu

Seasonal Flu: मौसम के बदलने से शरीर की इम्युनिटी पावर कम हो जाती है| जिससे सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसे मेडिकल भाषा में Seasonal Flu के नाम से जाना जाता है। यह एक ऐसी स्थिति है, जो अचानक मौसम में बदलाव के कारण होती है और इसका प्रभाव बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों पर पड़ता है। सीजनल फ्लू के कारण शरीर में कमजोरी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, और कभी-कभी बुखार जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

कारण:

मौसम में अचानक परिवर्तन होना सीजनल फ्लू का मुख्य कारण माना जाता है। जब मौसम गर्मी से ठंड या ठंड से गर्मी में बदलता है, तो हमारे शरीर का इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है, जिससे वायरल इंफेक्शन होने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, बारिश के मौसम में नमी और ठंड के कारण भी वायरस अधिक सक्रिय हो जाते हैं, जिससे सर्दी-जुकाम की समस्या हो सकती है।

लक्षण:

इसके लक्षण आमतौर पर सामान्य सर्दी-जुकाम के समान ही होते हैं। नाक बहना और बंद होना सीजनल फ्लू का सबसे सामान्य लक्षण माना जाता है। इसके अलावा गले में सूजन और दर्द महसूस होना,हल्का या तेज सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकावट का अनुभव होना,खांसी के साथ बलगम आना या सूखी खांसी होना,बार-बार छींक आना तथा तेज बुखार भी हो सकता है।

बचाव के उपाय:

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं:

रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना सीजनल फ्लू से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है। इसके लिए विटामिन सी से भरपूर फलों जैसे कि संतरा, नींबू, आंवला का सेवन करें। हरी सब्जियों और ताजे फलों को अपनी डाइट में शामिल करें।

अदरक, लहसुन और हल्दी जैसी चीजों का सेवन भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। पर्याप्त नींद लेने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसलिए रोजाना 7-8 घंटे की नींद जरूर लें।

स्वच्छता का ध्यान रखें:

ऐसे समय स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। खासकर जब आप भीड़-भाड़ वाले इलाकों में हों तो नाक और मुंह को हमेशा ढक कर रखें। बार-बार हाथ धोएं और घर से बाहर जाने पर सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करें। अपनी आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें।

तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं:

इस समय शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। अधिक पानी, ताजे जूस, सूप, और हर्बल चाय का सेवन करें। इससे शरीर में जमा हुए टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं और आपकी इम्यूनिटी मजबूत होती है।

नियमित व्यायाम करें:

नियमित व्यायाम करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। योग और प्राणायाम जैसे व्यायाम करें, जिससे आपके शरीर को संक्रमण से लड़ने की ताकत मिलती है ।

उपचार:

यदि आप Seasonal Flu के शिकार हो जाते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ घरेलू उपाय और चिकित्सा उपचार से आप जल्द ही राहत पा सकते हैं। गले में खराश और सूजन के लिए गर्म पानी में नमक मिलाकर गरारे करना बहुत फायदेमंद होता है। इससे गले की सूजन कम होती है और संक्रमण का खतरा भी कम होता है।

नाक बंद होने और कफ की समस्या के लिए भाप लेना एक असरदार उपाय है। भाप लेने से नाक के रास्ते साफ हो जाते हैं और सांस लेने में राहत मिलती है। इसके अलावा तुलसी, अदरक, और शहद से बनी हर्बल चाय पीने से गले में राहत मिलती है और शरीर की इम्यूनिटी भी बढ़ती है। इसे दिन में 2-3 बार पिएं।

खांसी और जुकाम के लिए शहद और अदरक का मिश्रण बहुत लाभकारी होता है। शहद और अदरक का रस मिलाकर सेवन करने से खांसी में राहत मिलती है। यदि घरेलू उपायों से राहत न मिले, तो डॉक्टर की सलाह पर दवाओं का सेवन करें। इसके लिए ओवर-द-काउंटर मेडिसिन्स भी उपलब्ध होती हैं, जो सर्दी-जुकाम के लक्षणों को कम करने में मदद करती हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सूचना के उद्देश्यों के लिए है और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। इस लेख में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले किसी भी चिकित्सा निर्णय में सावधानी बरतें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या स्थिति के लिए, कृपया अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इस लेख के आधार पर उत्पन्न हो सकने वाली किसी भी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए viralnewsvibes.com जिम्मेदार नहीं है।