Turbulence: तूफान में फंसी फ्लाइट, झटके से 8000 फीट नीचे आई, यात्रियों में मच गई चीख पुकार

November 16, 2024
Turbulence
तूफान में फंसी फ्लाइट, झटके से 8000 फीट नीचे आई, यात्रियों में मच गई चीख पुकार

Turbulence: आपने भी कई बार हवाई सफर किया होगा। हवाई सफर के दौरान कई बार अचानक फ्लाइट में टर्बुलेंस (Turbulence) होने लगता है। ऐसा ज्यादातर खराब मौसम के कारण होता है। प्लेन अचानक डगमगाने (Turbulence) लगता है। ऐसे में कई यात्री घबरा भी जाते हैं। लेकिन हाल ही में एक प्लेन तूफान में फंस गया और उसमें इतना ज्यादा टर्बुलेंस (Turbulence) हुआ कि पूरे विमान मे उथल पुथल मच गई। तूफान के असर की वजह से विमान एक झटके में 8000 फीट नीचे आ गया। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। जब विमान स्टेबल हुआ तब जाकर यात्रियों ने चैन की सांस ली। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की फ्लाइट में हुआ Turbulence:

हाल ही में स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस (SAS) की फ्लाइट 957 के यात्रियों ने एक ऐसा भयावह अनुभव झेला, जिसे वे कभी भूल नहीं पाएंगे। यह घटना ग्रीनलैंड के ऊपर हुई, जब विमान तूफानी मौसम (Turbulence) में फंस गया और अचानक 8,000 फीट नीचे आ गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विमान के अंदर की खौफनाक स्थिति दिखाई दे रही है।

प्लेन ने मियामी के लिए भरी थी उड़ान:

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की फ्लाइट नियमित तौर पर यूरोप और उत्तरी अमेरिका के बीच उड़ान भरती है। हाल ही स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की फ्लाइट 957 ने स्वीडन के स्टॉकहोम से संयुक्त राज्य अमेरिका के मियामी जाने के लिए उड़ान भरी थी। जब प्लेन ग्रीनलैंड के ऊपर था तो वह तूफान (Turbulence) में फंस गया। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। दरअसल, विमान हवा में गोते खाने लगा। यात्रियों की जान दांव पर लग गई थी। गोते खाता हुआ प्लेन एक झटके में 8000 फीट नीचे चला गया। इससे यात्रियों की हालत खराब हो गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना अत्यधिक टर्बुलेंस (अशांत वायु) की वजह से हुई। टर्बुलेंस के कारण विमान तेजी से ऊंचाई खो बैठा, जिससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में अफरातफरी मच गई। हालांकि प्लेन के स्टेबल होने के बाद यात्रियों ने चैन की सांस ली।

यात्री बोले—किसी डरावने सपने जैसा था:

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान के अंदर कहीं पैसेंजर एक दूसरे के ऊपर गिरे थे तो कहीं उनका सामान बिखरा हुआ था। झटकों के दौरान यात्री सीट बेल्ट के सहारे बंधे हुए थे। कई यात्रियों के चिल्लाने और प्रार्थना करने की आवाजें भी सुनाई दीं। कुछ लोग बेहद घबराए हुए थे, जबकि अन्य ने अपने प्रियजनों को फोन पर संदेश भेजने की कोशिश की।

एक यात्री ने बताया, “यह अनुभव किसी डरावने सपने से कम नहीं था। हमने महसूस किया कि जैसे विमान नियंत्रण खो चुका है। हम अपनी सीट से उछल रहे थे और लगा कि अब हमारी जान नहीं बचेगी।”

पायलट ने संभाली स्थिति:

इस भयावह स्थिति के बीच, पायलट और सह-पायलट ने अपनी सूझबूझ से विमान को नियंत्रित किया। विमान के कंट्रोल को संभालते हुए उन्होंने उसे स्थिर किया और उसे सही ऊंचाई पर लाने में सफलता पाई। पायलट ने तुरंत नजदीकी एयरपोर्ट पर ATC से संपर्क किया। इसके बाद प्लेन को कोपेनहेगन के लिए डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में उथल पुथल मचने से पैसेंजर्स दहशत में आ गए थे। हालांकि किसी यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरे विमान में पैसेंजरों का सामान, प्लेट्स, खाना बिखरा पड़ा था।

क्यों होता है कि प्लेन में टर्बुलेंस:

टर्बुलेंस एक सामान्य घटना है, जो वायु के अचानक दबाव और गति में बदलाव के कारण होती है। खासतौर पर ग्रीनलैंड के ऊपर से गुजरते समय, मौसम की स्थिति बेहद अनिश्चित हो सकती है। यहां तेज़ हवाओं, निम्न तापमान, और ऊंचाई पर चलने वाले जेट स्ट्रीम के कारण टर्बुलेंस का खतरा ज्यादा रहता है।

टर्बुलेंस के दौरान विमान में कई बार यात्रियों को चोट लगने की संभावना रहती है, खासकर जब सीट बेल्ट नहीं लगी हो। इस घटना में सीट बेल्ट के नियमों का पालन करने के कारण यात्रियों को बड़ी चोटों से बचा लिया गया।

यूजर्स ने किए ऐसे कमेंट्स:

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ ने पायलट और चालक दल की तारीफ की, तो कुछ ने इस घटना को डरावना बताया। एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “पायलट्स असली हीरो हैं। उनके कारण ही आज इतनी बड़ी आपदा टल गई।” वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, “यह वीडियो देखकर ही डर लग रहा है। यात्रियों ने यह सब झेला होगा, यह सोचकर दिल दहल जाता है।”